प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के निराकरण और उनके जीवन में खुशहाली लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में एक नई पहल करते हुए प्रदेश में सेवा पर्व पखवाड़ा प्रारंभ किया जा रहा है। इसके तहत 12 जून से हर ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर 2026 आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें ग्रामीणों को प्रशासन से जुड़े अपने काम कराने की सुविधा एक ही स्थान पर मिल सकेगी।
इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन को ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत लोगों के बीच लाकर रजिस्ट्री, पट्टे, गिरदावरी, कुरेजात, विभाजन, नामांतरण, मूलनिवास एवं जाति प्रमाण पत्र समेत 90 से अधिक प्रकार के कार्य करवाए जाएंगे। साथ ही, सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को जोड़कर उन्हें लाभ प्रदान किए जाएंगे।
यह आयोजन हर वर्ग और हर व्यक्ति को छूने वाला है, जिसमें किसान, मजदूर, महिला, युवा समेत हर वर्ग के कार्यों को प्राथमिकता के साथ किया जाएगा। मैं प्रदेश के सभी ग्रामीण भाई-बहनों से आह्वान करता हूं कि वे इन सेवा शिविरों में अवश्य हिस्सा लें। अपने काम पूरे कराएं, योजनाओं से जुड़ें और दूसरों को भी प्रेरित करें।
मैं विशेष रूप से पंचायती राज संस्थाओं और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी आग्रह करता हूं कि वे इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
मुझे विश्वास है कि यह पर्व जनसेवा का एक उत्कृष्ट माध्यम बनेगा।
मैं कामना करता हूं कि यह आयोजन प्रदेश में जनसेवा के नए प्रतिमान स्थापित करेगा।